जोहार लाइव ब्यूरो
कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान को हाईजैक करने की धमकी मिली. विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला, जिसमें लिखा था कि सुबह 11:10 बजे प्लेन हाईजैक कर लिया जाएगा. नोट मिलते ही क्रू मेंबर्स ने पायलट को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया. यहां सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की. घटना के समय विमान में कुल 98 लोग सवार थे, जिनमें 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर्स शामिल थे.
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का एयरबस A320neo कोलकाता से मुंबई जाने के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान क्रू मेंबर को टॉयलेट में यह धमकी भरा नोट मिला. फिलहाल इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं हाईजैक की धमकी और कोशिश की घटनाएं
विमानों को हाईजैक करने की धमकी मिलने और विमान के अंदर ऐसी कोशिशों की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. हाल के दिनों में तीन ऐसी घटनाएं चर्चा में रही हैं.
7 नवंबर: बेंगलुरु-लखनऊ इंडिगो फ्लाइट को मिली धमकी
बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 को भी हाईजैक करने की धमकी मिली थी. विमान के टॉयलेट में क्रू मेंबर्स को धमकी भरा नोट मिला. इसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया. विमान के पहुंचते ही केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी.
13 अक्टूबर: एयर इंडिया की फ्लाइट को मिला हाईजैक अलर्ट
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की 13 अक्टूबर को जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी. बताया गया कि अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान से हाईजैक का अलर्ट मिला था. विमान करीब 45 मिनट तक हवा में रहा. शुरुआती जांच में पायलट की गलती से अलर्ट मैसेज जाने की बात सामने आई थी. हालांकि, पूछताछ के दौरान पायलट ने अपनी गलती से इनकार किया था.
30 सितंबर: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में पायलट पर हमला
30 सितंबर को दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में गंभीर घटना सामने आई थी. उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था. हमले में कैप्टन घायल हो गए और विमान की स्थिति बिगड़ने लगी. हालांकि, कैप्टन ने स्थिति संभालने की कोशिश की. बाद में चालक दल और यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू कर लिया. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने विमान सुरक्षा और उड़ानों के दौरान मिलने वाली धमकियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
Also Read : भगवान राम ने सीता को त्यागा, मैं उसके मंदिर कभी नहीं जाऊंगा’ : TMC सांसद कीर्ति आजाद


