रांची: रांची के उपायुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों (CO) और प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाएं मुख्य रूप से प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर पर मिलती हैं. ऐसे में इन कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार ही सरकार की छवि तय करता है. इसलिए सभी पदाधिकारी अपने कार्यालयों में नागरिकों के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील रवैया अपनाएं.
उन्होंने सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया. साथ ही सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा स्थानीय थानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा.
आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे के लिए CO की तय होगी जवाबदेही
उपायुक्त ने आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी अंचल में आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत या मामला सामने आने पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी. लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आदिवासी भूमि से जुड़े मामलों की गंभीरता से निगरानी करने और अवैध कब्जे की शिकायतों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.


