रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सख्ती दिखाई है. रांची में मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में बुंडू की भूमि सुधार उपसमाहर्ता (LRDC) छवि बाला और अंचल अधिकारी (CO) हंस हेम्ब्रम को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर काम में सुधार लाने की चेतावनी दी गई है. ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में जिला औसत से कम काम करने वाले विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को कहा गया कि मतदाता सूची तैयार करने के काम में तेजी लाएं और तय समय के भीतर सभी लंबित काम पूरे करें.
30 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
SIR के तहत 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जानी है. इसे देखते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब तक हुए काम की समीक्षा की गई. बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
सभी ERO को अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की अच्छी तरह जांच करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद किसी तरह की गलती या गड़बड़ी सामने नहीं आए. साथ ही अधिकारियों को अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के कामकाज पर लगातार नजर रखने को कहा गया.
नो मैपिंग और तार्किक गड़बड़ी वाले मामलों को जल्द निपटाएं
बैठक में ऐसे मतदाताओं के मामलों की भी समीक्षा की गई, जिनकी पुरानी मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाई है या जिनके दस्तावेजों और जानकारी में तार्किक गड़बड़ी पाई गई है. अधिकारियों को ऐसे मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया गया.
इसके अलावा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए भरे गए फॉर्म-6 के निष्पादन की भी समीक्षा की गई. प्रशासन ने SIR के दौरान मिले फॉर्म, नोटिस, सुनवाई से जुड़े कागजात और अन्य निर्वाचन दस्तावेजों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. इन दस्तावेजों का सही तरीके से वर्गीकरण और सूचीकरण करने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से निकाला जा सके.


