रांची. आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच का दायरा बढ़ गया है. पिठोरिया थाना में मिले आवेदन के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, आवेदन में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है. उन्हें भी जांच के दायरे में रखा गया है. पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है.
पुलिस के अनुसार, पिठोरिया थाना में प्राप्त आवेदन के अंतिम निवेदन के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके अलावा अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए गए हैं. पुलिस इन सभी आरोपों की पड़ताल कर रही है. जांच प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है.
डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एसआईटी के माध्यम से की जा रही है. इसकी जिम्मेदारी डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है. जांच में थाना प्रभारी की भूमिका समेत सभी पहलुओं को शामिल किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में कोई भी व्यक्ति किसी भी रूप में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
मामले में पुलिस को अब फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है. अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट अभी पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है. रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में उससे जुड़े तथ्यों को भी शामिल किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कौन थीं निशा भगत
निशा कुमारी भगत झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक रूप से सक्रिय चेहरा थीं. मूल रूप से गुमला की रहने वाली निशा उरांव आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती थीं. उन्होंने दुर्गापुर से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और बेंगलुरु में नौकरी भी की थी. बाद में नौकरी छोड़कर वह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हो गईं.
निशा सरना धर्म कोड, आदिवासी पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, सीएनटी-एसपीटी एक्ट और पेसा कानून जैसे मुद्दों को लेकर मुखर थीं. वह केंद्रीय सरना समिति की केंद्रीय महिला अध्यक्ष भी थीं. दिसंबर 2025 में धर्मांतरण और डीलिस्टिंग के मुद्दे पर सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराने के बाद वह चर्चा में आई थीं. उन्होंने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के टिकट पर गुमला सीट से चुनाव भी लड़ा था. 6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर उनकी मौत हो गई थी.
Also Read : झारखंड : रोजगार के लिए गए थे बिहार : बनाए गए बंधक, हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद हुई घर वापसी


