जोहार लाइव ब्यूरो
रांची : दीपावली से पूर्व झारखंड पुलिस को नक्सल मामले में बड़ी सफलता मिली है. झारखंड और बिहार में नक्सली गतिविधियों में शामिल एक बड़े नक्सली को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए नक्सली की पहचान संजय यादव उर्फ गोडराम के रूप में हुई है. पकड़े गए नक्सली की सूचना एकत्रित करने में आईजी ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह की अहम भूमिका है. गिरफ्तार नक्सली पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है.
संजय यादव प्रतिबंधित नक्सली संगठन का जोनल कमांडर (ZCM) बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी पर झारखंड और बिहार सरकार की ओर से कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस के अनुसार संजय यादव पर झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में कुल 53 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें पलामू जिले में 23, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया जिले में 10 मामले शामिल हैं.
हथियार और गोला-बारूद के ठिकानों की तलाश
गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस की टीम संजय यादव से लगातार पूछताछ कर रही है. पूछताछ का मुख्य उद्देश्य उन जगहों का पता लगाना है, जहां नक्सलियों ने हथियार, कारतूस और अन्य गोला-बारूद छिपाकर रखे हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हथियारों के डंप और नक्सली नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं.
Also Read : नक्सलियों की कमजोर होती पकड़ के बीच हिंसा का खतरा, खूनी क्रांति, दमन विरोधी और शहीद सप्ताह मनाने की तैयारी


