धनबाद। इन दिनों पूर्णियां के सासंद पप्पू यादव झारखंड के दौरे में है. वे फिलहाल देवघर में बाबाधाम शिव के दर्शन करने पहुंचे थे. इससे पहले धनबाद के खटाल में लोगों से मिले थे. वहां रहने वाले परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. पप्पू यादव ने धनबाद के बारामुड़ी खटाल विवाद को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन के समर्थन का दावा किया है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया है कि खटाल उनकी प्राथमिकता में है और इसे उजड़ने नहीं दिया जाएगा. पप्पू यादव ने दावा किया कि उन्होंने धनबाद के उपायुक्त से भी बात की है और उन्हें आश्वासन मिला है कि खटाल पर कोई कार्रवाई नहीं होगी.
दरअसल, खटाल की जमीन पर अतिक्रमण के आरोप में जिला प्रशासन ने वहां रहने वाले लोगों को मकान और दुकान खाली करने के नोटिस दिए हैं. प्रशासन का दावा है कि करीब 18 एकड़ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है. वहीं, खटाल में रहने वाले परिवारों का कहना है कि उन्हें वर्ष 2005 में तत्कालीन जिला प्रशासन ने बेकारबांध से हटाकर बारामुड़ी में बसाया था. इसी दावे और जमीन पर अधिकार को लेकर विवाद चल रहा है.
पप्पू यादव ने कहा कि शिव की नगरी में उनके आने और खटाल देखने से कई लोगों को मिर्ची लग गई है. उन्होंने खटाल में रहने वाले परिवारों के समर्थन में बड़ी लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी.
पप्पू यादव ने दावा किया ये परिवार 25-30 पीढ़ियों से यहां बसे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड के बंटवारे से करीब 40 साल पहले से ही इन परिवारों का यहां अस्तित्व रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि गरीबों के आशियाने को कैसे छीना जा सकता है.
पप्पू यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनसे स्पष्ट रूप से कहा है कि खटाल उनकी प्राथमिकता है. जिस तरह मंईयां सम्मान योजना, आदिवासी समाज, दलित और गरीब समाज सरकार की प्राथमिकता में हैं, उसी तरह खटाल भी प्राथमिकता में है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है कि खटाल नहीं उजाड़े जाएंगे.
उन्होंने बताया कि धनबाद के उपायुक्त से भी उनकी बातचीत हुई है. पप्पू यादव के अनुसार, उपायुक्त ने कहा कि खटाल पर कोई हाथ नहीं उठाएगा. उन्होंने कहा कि करीब 26 साल पहले जब वहां जंगल और पहाड़ थाऱ, तब खटाल बसाया गया था. आज वहां बड़े-बड़े अस्पताल और मॉल बन गए हैं और परिवारों की पूरी दुनिया बस चुकी है.
अधिकारियों को दी चेतावनी
पप्पू यादव ने कहा कि यदि कोई अंचल अधिकारी (CO) या प्रशासनिक पदाधिकारी माफिया से मिलीभगत कर खटाल के लोगों को उजाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि गरीबों के आशियाने की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.
उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान शिव से केवल यही प्रार्थना की है कि इस सरकार पर गलत दृष्टि न पड़े. उनके मुताबिक, बिहार में पहले ही सरकार की स्थिति अच्छी नहीं है और वहां संकट, अभाव तथा सरकारी व्यवस्था की कमी दिखाई दे रही है.
Also Read : हेमंत सोरेन से मिले झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, विकास योजनाओं और राजनीतिक हालात पर हुई चर्चा


