रांची: एचईसी मजदूर संघ ने एचईसी परिसर स्थित विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निगम के कर्मचारियों के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की मांग की है. संघ के महामंत्री रमा शंकर प्रसाद ने एचईसी प्रबंधन से कहा है कि परिसर की जमीन और बुनियादी सुविधाओं पर संचालित सभी विद्यालयों में कर्मचारियों के बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर दाखिला दिलाया जाए. उन्होंने नामांकन में आनाकानी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है.
रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि एचईसी परिसर में स्थित विद्यालयों की स्थापना मुख्य रूप से निगम के कर्मचारियों के बच्चों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी. इसके बावजूद पिछले कुछ समय से नामांकन के दौरान कर्मचारियों और उनके बच्चों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए प्रबंधन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की.
संघ ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए परिसर के सभी विद्यालयों में एचईसी कर्मचारियों के बच्चों के नामांकन की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए. यदि कोई विद्यालय प्रबंधन नामांकन में आनाकानी करता है या मनमाना रवैया अपनाता है, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाए.
11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की फीस माफी की मांग
संघ ने कर्मचारियों के बच्चों के लिए कक्षा 11वीं और 12वीं तक शिक्षण शुल्क माफ करने की मांग भी उठाई है. रमा शंकर प्रसाद के अनुसार, प्रबंधन ने पहले कर्मचारियों के बच्चों के लिए कक्षा 10वीं तक शिक्षण शुल्क माफ करने संबंधी सर्कुलर जारी किया था. हालांकि, संघ के संज्ञान में आया है कि कुछ विद्यालयों ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की फीस माफी को लेकर अब तक सर्कुलर जारी नहीं किया है.
उन्होंने एचईसी प्रबंधन से इस मामले में तत्काल स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि कर्मचारियों के बच्चों को उच्च कक्षाओं में भी शुल्क माफी का लाभ मिल सके और अभिभावकों के बीच बना असमंजस दूर हो.
विद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
एचईसी मजदूर संघ ने निगम के शीर्ष प्रबंधन से परिसर के सभी विद्यालयों के प्रबंधन और प्राचार्यों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है. संघ के मुताबिक, नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्पष्ट और पारदर्शी दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए, ताकि कर्मचारियों को अपने बच्चों के दाखिले के लिए परेशान न होना पड़े.
रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि एचईसी की जमीन और संसाधनों का उपयोग करने वाले विद्यालयों में निगम के कर्मचारियों के बच्चों को नामांकन के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
संघ ने उम्मीद जताई कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 शुरू होने से पहले प्रबंधन इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे एचईसी कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके.
Also Read : RJD सांसद ने DG कुंदन कृष्णन को फिर घेरा, लगाए – आय से अधिक अर्जित धन और बेनामी संपत्ति खरीदने के आरोप


