खूंटी: खूंटी जिले में पुलिस ने 998 ग्राम अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. जब्त अफीम की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बतायी गयी है. पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. वहीं, मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य आरोपी फरार हो गये.
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अड़की से तीन लोग मोटरसाइकिल पर अफीम लेकर मुरहू स्थित नील फैक्ट्री की ओर जा रहे हैं. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने चालम बरटोली पीच रोड के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे. पुलिस को देखकर तीनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे. पुलिस बल ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के मदहातु गांव निवासी 32 वर्षीय लादु मुंडा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से 998 ग्राम अफीम जैसा पदार्थ बरामद किया गया. पुलिस ने मोटरसाइकिल और झोला भी जब्त कर लिया.
इस मामले में एनडीपीएस थाना कांड संख्या 18/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 25 और 29 में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. छापेमारी दल में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणि दीप और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


