जोहार लाइव ब्यूरो
गोड्डा के सुंदरपहाड़ी इलाके के तिलाबाद मिशन में रसोइये का काम करनेवाली 32 वर्षीय एक महिला ने फादर थॉमस सोरेन पर जबरन बलात्कार के आरोप लगाए हैं. एक लिखित शिकायत में महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी है. घटना को जोहार लाइव ने प्रमुखता से उठाया था.
अब पूरे मामले पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने संज्ञान लिया है.
रक्षा राज्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, यह खबर झारखंड के संताल परगना में आदिवासी बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार की बानगी है. संताल परगना में हमारी आदिवासी बहन बेटियां लगातार घुसपैठियों के निशाने पर रही हैं. उनकी जमीनों पर कब्जा किया गया और अब ऐसे घृणित मामले भी सामने आ रहे हैं.
उन्होंने आगे लिखा, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आदिवासी हितों की बात करने वाली झारखंड की सरकार इन मुद्दों पर चुप्पी साथ लेती है. बात-बेबात झारखंड के हितों की बात करने वाले सरकार में शामिल मंत्री, विधायक सभी लोग ऐसे मुद्दों पर चुप्पी साथ लेते हैं. अबुआ राज के नाम पर झारखंड की आदिवासी बेटियों के साथ चल रहा है यह क्रूर मजाक बंद होना चाहिए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई तय होनी चाहिए.
उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस मामले पर संज्ञान लेने को कहा है.
बता दें, गोड्डा के सुंदरपहाड़ी स्थित तिलाबाद मिशन में काम करने वाली 32 वर्षीय आदिवासी महिला ने फादर थॉमस सोरेन पर बार-बार दुष्कर्म, धमकी और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है.
महिला का दावा है कि फादर ने पति को बाहर भेजकर उसके साथ यौन शोषण किया और बच्चों की पढ़ाई व नौकरी से निकालने की धमकी देकर चुप कराया. गर्भ ठहरने पर गर्भनाशक दवाएं दी गईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ.
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि इलाज में 60 हजार रुपये खर्च होने का हवाला देकर वसूली की धमकी भी दी गई. शिकायत पर सुंदरपहाड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.


