जोहार लाइव ब्यूरो
हजारीबाग के बड़कागांव में टीबी मरीजों को इलाज के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की पहल की गई है. शनिवार को अदाणी फाउंडेशन की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 80 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया. गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत आयोजित यह चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा पोषण किट वितरण शिविर था.
शिविर में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथु हलदर, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर दीपक कुमार और अदाणी फाउंडेशन की टीम मौजूद रही. इस दौरान मरीजों को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया गया. साथ ही नियमित रूप से दवाएं लेने और इलाज का निर्धारित कोर्स पूरा करने की सलाह दी गई.
कार्यक्रम में बताया गया कि टीबी के उपचार में दवाओं के साथ पर्याप्त पोषण भी महत्वपूर्ण है. पौष्टिक भोजन से मरीजों के शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार करने में मदद मिलती है.
अदाणी फाउंडेशन की ओर से बड़कागांव प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण और सामुदायिक कल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण भी इसी पहल का हिस्सा है.
Also Read : झारखंड: आईआईटी धनबाद के छात्र की होस्टल के छत से गिरकर मौत, डेढ़ महीने में तीसरी मौत ने उठाये सवाल


