जोहार लाइव ब्यूरो
गुमला. गुमला में पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी की सूचना पर छापेमारी कर AK-56 राइफल, देसी कारबाइन और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की हैं. मामले में लेकोटोली निवासी राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब नामजद आरोपी रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को गुमला के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के रोहित कुमार शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ लेकोटोली निवासी राजेन्द्र यादव के घर आया है. पुलिस ने बताया कि उनके पास बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद हुए वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी थे.
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. रात करीब 10:45 बजे पुलिस टीम लेकोटोली गांव के पास पहुंची. वहां लाल रंग की वैगनआर कार (नंबर JH01AA-9378) खड़ी मिली, जिसमें चार-पांच लोग सवार थे.
पुलिस की गाड़ी देखते ही सभी लोग उतरकर भागने लगे. जवानों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी जंगल-झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली. तलाशी में मैगजीन सहित एक देसी कारबाइन और 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं.
पुलिस ने 28 अक्टूबर को इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर AK-56 राइफल, दो मैगजीन और 7.62 एमएम की 34 गोलियां बरामद की गईं. इसके अलावा दो मोबाइल फोन और लकड़ी व लोहे से बना एक धारदार फरसा भी मिला.
रोहित शर्मा समेत अन्य आरोपियों की तलाश
गुमला पुलिस ने भरनो थाना क्षेत्र के राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है, वहीं सिसई थाना के रोहित कुमार शर्मा के अलावा दो-तीन अन्य अज्ञात नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव, पुलिस अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे.


