जोहार लाइव ब्यूरो
हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में एक नया मोड़ आया है. गुरुवार को अनुष्का के पति रुद्र राणा ने हजारीबाग कोर्ट में सरेंडर किया है. आरोपी रुद्र राणा ने हजारीबाग एसपी अमन कुमार की बढ़ती दबिश और पुलिस की लगातार छापेमारी के कारण सरेंडर किया है.
कोर्ट में सरेंडर के बाद आरोपी रुद्र राणा को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. जेल जाने से पूर्व हजारीबाग पुलिस की टीम कोर्ट कैंपस में ही केस से संबंधित पूछताछ कर रही है. इधर, हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने आरोपी रुद्र राणा के सरेंडर की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन दे चुकी है. न्यायालय से आदेश मिलने के बाद पुलिस आरोपी रुद्र राणा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.
हाईकोर्ट ने जांच में तेजी लाने का दिया था निर्देश
अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि अनुष्का चक्रवर्ती की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई 27 अक्टूबार को झारखंड हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई थी. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि मामले की जांच पहले दारोगा स्तर के पदाधिकारी कर रहे थे.
लेकिन, अब इसकी जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारी संभाल रहे है. खंडपीठ ने सरकार को डीएसपी रैंक के अधिकारी से मामले का अनुसंधान कराने और जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया था. साथ ही, अगली सुनवाई तक जांच की प्रगति से संबंधित स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था. इस मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को सुबह 11:30 बजे निर्धारित की गई है.
पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या के आरोप
हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में अनुष्का चक्रवर्ती का शव मिला था. अनुष्का के पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने दामाद रुद्र राणा, सास रीना राणा और ससुर दिनेश राणा पर दहेज के लिए मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक, अनुष्का की हत्या करने के बाद उनके शव को पंखे से लटका दिया गया था. बताया गया है कि अनुष्का और उनके पति ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और दोनों इसी फ्लैट में रह रहे थे.


