जोहार लाइव ब्यूरो
‘लोहरदगा’ जिले की अर्थव्यवस्था की जान कहे जाने वाले बॉक्साइट परिवहन का काम 17 तारीख से बाधित है. इससे लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिले के हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. पाखर लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने चिंता जताते हुए हिंडालको कंपनी, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द समाधान निकालने की मांग की है.
एसोसिएशन के अनुसार बॉक्साइट परिवहन से ट्रक मालिकों के साथ चालक, सहचालक, लोडर, अनलोडर, मिस्त्री और छोटे-बड़े दुकानदारों की रोजी-रोटी जुड़ी है. परिवहन बंद होने से सभी का काम प्रभावित हुआ है. कई परिवारों को घर का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई और ट्रकों की किस्त भरने में परेशानी हो रही है.
एसोसिएशन ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा लोगों ने किसी तरह मनाया, लेकिन अब दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्व सामने हैं. ऐसे में रोज कमाकर परिवार चलाने वालों के लिए इतने दिनों तक काम बंद रहना बड़ी परेशानी है.
एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि इतने परिवारों की आजीविका जुड़ी होने के बावजूद अब तक ठोस पहल क्यों नहीं हुई. उन्होंने हिंडालको कंपनी के रवैये को समझ से परे बताया. साथ ही जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से प्रभावित लोगों में चिंता और निराशा है.
एसोसिएशन ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल पहल करते हुए हिंडालको कंपनी, संबंधित अधिकारियों और ट्रक मालिकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परिवहन बाधित होने के कारण स्पष्ट करे. बातचीत से जल्द समाधान निकालकर परिवहन दोबारा शुरू कराया जाए.
एसोसिएशन का कहना है कि हर समस्या का हल बातचीत से निकल सकता है, पर हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़े मामले को लंबे समय तक लटकाए रखना उचित नहीं. समय रहते पहल नहीं हुई तो क्षेत्र के व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर और बुरा असर पड़ सकता है.
एसोसिएशन ने अपील की है कि सभी पक्ष मामले को गंभीरता से लेकर जल्द परिवहन व्यवस्था बहाल कराएं, ताकि त्योहारों के समय प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके.
Also Read:झारखंड: ऑनलाइन खतियान में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज, सीएम से जाति के कॉलम में सुधार का अनुरोध


