चतरा: टंडवा थाना के सिध्पा गांव में रात के अंधेरे में एक महिला के घर में दूसरे समुदाय के युवक के घुसने के बाद उत्पन्न विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. घटना मंगलवार रात करीब 9.45 बजे की है. इस घटना में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा समेत पुलिस जवानों को निशाना बनाते हुए ग्रामीणों ने जमकर पत्थरबाजी की. पुलिस टीम ने आरोपी युवक को कब्जे में लेकर थाना ले आयी. हालांकि, ग्रामीणों के हमले में मौके पर अफरा-तफरी मच गई और थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, देर रात एक समुदाय का युवक कथित तौर पर एक महिला के घर में घुस गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचने के बाद कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इससे पूर्व आरोपी युवक को सौंपने की मांग कर रहे थे. अचानक हुए पथराव में थाना प्रभारी समेत कई पुलिस जवानों के घायल हुए है. पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला है. घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
Also Read : फिल्मी स्टाइल चेस के बाद सखुवा लकड़ी जब्त : ‘पुष्पा’ अंदाज में तस्कर ने पोकटा डैम में गिराया ट्रक


