झारखंड के 12 जिलों के राजकीय प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में विद्यालयों के स्थापना व्यय के लिए इन 12 जिलों को कुल छह अरब छिहत्तर करोड़ (676 करोड़ 81 लाख 28 हजार 200) का आवंटन जारी कर दिया है. इससे अगस्त माह के लंबित वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है. अब जिला स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों को लंबित वेतन मिलने की उम्मीद है.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने यह आवंटन जारी किया है. आवंटन ऐसे समय किया गया है, जब जन्माष्टमी से पहले शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान की मांग उठ रही थी. झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ (JPSS) ने 3 सितंबर को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को पत्र सौंपकर आवंटन जारी करने की मांग की थी. संघ ने संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर भी बातचीत की थी. इसके बाद उसी दिन सरकार की ओर से आवंटन जारी कर दिया गया.
जमशेदपुर को सबसे अधिक आवंटन
इन 12 जिलों में सबसे अधिक 92.7 करोड़ का आवंटन जमशेदपुर को मिला है. इसके बाद पश्चिमी सिंहभूम को 89.15 करोड़, गिरिडीह को 74.32 करोड़ और गोड्डा को 74.19 करोड़ मिले हैं.
वहीं अन्य जिलों में गुमला को 57.71 करोड़, सरायकेला-खरसावां को 54.01 करोड़, गढ़वा को 51.21 करोड़, हजारीबाग को 50.44 करोड़, लातेहार को 44.04 करोड़, साहिबगंज को 31.90 करोड़, खूंटी को 29.15 करोड़ और सिमडेगा को 28.56 करोड़ का आवंटन मिला है.
शिक्षक संघ ने सरकार का जताया आभार
झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ (JPSS) के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव ने कहा, “शिक्षकों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर संघ लगातार प्रयासरत है. जन्माष्टमी से पहले लंबित वेतन भुगतान की जरूरत को देखते हुए संघ ने तत्काल विभाग के समक्ष अपनी मांग रखी.”
संघ ने सरकार की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए आवंटन जारी किए जाने का स्वागत किया है और मुख्यमंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के प्रति आभार जताया है. संघ को उम्मीद है कि जिला स्तर पर प्रक्रिया जल्द पूरी कर अगस्त माह के लंबित वेतन का भुगतान जन्माष्टमी से पहले कर दिया जाएगा.
Also Read : झारखंड : मतदाता पंजीकरण और वोटर लिस्ट पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन, पहले दिन पैनल चर्चा समेत छह तकनीकी सत्र


