झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में मुख्य विपक्षी दल बीजेपी के विधायक मौजूद नहीं रहे. बीजेपी विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो ने विपक्षी विधायकों की गैरमौजूदगी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सवाल डालकर सदन में मौजूद नहीं रहना दुखद है.
दरअसल, छात्रों के मुद्दे पर सरकार के साथ वार्ता विफल होने के बाद बीजेपी के विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेता और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे थे. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.

हिरासत में लिए गए बीजेपी विधायकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस अलग-अलग वाहनों से रांची के खेलगांव स्थित स्टेडियम ले गई. फिलहाल सभी लोग वहीं पुलिस की निगरानी में हैं.
विधानसभा में नहीं पहुंचे बीजेपी विधायक
मानसून सत्र के दौरान आम तौर पर सभी विधायक विधानसभा परिसर में मौजूद रहते हैं. लेकिन आज बीजेपी के विधायक सदन में नहीं पहुंचे. विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जब विपक्षी विधायकों की गैरमौजूदगी का मुद्दा सामने आया तो स्पीकर रबिन्द्रनाथ महतो ने कहा कि विधायकों का सवाल डालकर सदन में मौजूद नहीं रहना दुखद है.
बीजेपी विधायक एक ओर मुख्यमंत्री आवास के घेराव में शामिल थे, वहीं दूसरी ओर विधानसभा में सदन की कार्यवाही चल रही थी. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी विधायकों की गैरमौजूदगी में ही सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी या फिर हिरासत में लिए गए विधायकों को जल्द रिहा कर विधानसभा पहुंचने की अनुमति दी जाएगी.


