जामताड़ा: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार को जामताड़ा जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित कुसोई मोड़ के पास पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान जामताड़ा में घटनाक्रम ने हिंसक रूप ले लिया और पुलिस के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया. घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है.
सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे चर्चित गैंगस्टरों में शामिल था. उसका नेटवर्क रांची, रामगढ़, धनबाद, बोकारो और कोयलांचल क्षेत्र तक फैला हुआ माना जाता था. उस पर रंगदारी, हत्या, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज थे. जेल में रहते हुए भी गिरोह संचालित करने के आरोप उस पर लगते रहे, जिसके कारण सुरक्षा कारणों से उसे अलग-अलग जेलों में रखा जाता था.
पिछले कुछ वर्षों में झारखंड पुलिस ने सुजीत सिन्हा गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया था. उसके कई गुर्गे गिरफ्तार किए गए और कई पुलिस मुठभेड़ों में गिरोह के सदस्य पकड़े या घायल हुए थे. पुलिस का दावा रहा है कि गिरोह रंगदारी और हथियारों के बल पर कारोबारियों व ठेकेदारों में दहशत फैलाता था.
जामताड़ा एनकाउंटर के बाद पुलिस घटनास्थल की जांच में जुटी है.
Also Read : सीबीआई जांच करके करेंगे क्या? जब दूसरी JPSC की CBI जांच लटकी पड़ी है

