कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले छात्रों के प्रदर्शन के बाद नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहली बार बयान सामने आया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने साफ कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है. मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा. इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है. युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था मिलनी चाहिए. सरकार की ओर से विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए लिए जा रहे फैसलों की श्रृंखला में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन एक महत्वपूर्ण कदम है.
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और उनके भविष्य पर असर पड़ता है. ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कानून के तहत उन्हें जल्द से जल्द सजा मिले.

