रामगढ़ पुलिस ने एक बार फिर ऐसा काम किया है, जिससे लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है. एक महीने तक चले “ऑपरेशन भरोसा” में पुलिस ने 125 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए. जिन लोगों ने महीनों पहले अपने मोबाइल खो दिए थे और वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उन्हें जब मंच पर बुलाकर फोन सौंपा गया तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई. न्यू टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में एसपी मुकेश लुनायत ने खुद लोगों को उनके मोबाइल सौंपे. इस दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल मालिक और उनके परिजन मौजूद रहे.
एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने पिछले छह महीने में दर्ज मोबाइल गुम होने के मामलों और CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की. इसके बाद पूरे जिले में एक महीने का विशेष अभियान चलाया गया. पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच के साथ लगातार फील्ड में काम किया. कई मोबाइल रामगढ़ से मिले, जबकि कई रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा और दूसरे जिलों से बरामद किए गए.

रामगढ़ थाना सबसे आगे, सबसे ज्यादा 30 मोबाइल मिले
मोबाइल बरामदगी में रामगढ़ थाना सबसे आगे रहा, जहां से 30 मोबाइल मिले. इसके बाद गोला थाना से 20, पतरातु थाना से 14, मांडू थाना और कुज्जू ओपी से 10-10, रजरप्पा थाना और मुरकुंडा ओपी से 9-9, भदानीनगर ओपी से 7, वेस्ट बोकारो ओपी से 6, बरलंगा थाना से 5, बासल थाना से 3 और बरकाकाना ओपी से 2 मोबाइल बरामद किए गए. कुल मिलाकर 125 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए गए.
मोबाइल के साथ साइबर सुरक्षा का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और साइबर अपराधों से बचने के बारे में भी जागरूक किया. उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक कराया जा सकता है. लोगों से अपील की गई कि वे इस जानकारी को अपने परिवार और परिचितों तक भी पहुंचाएं.
मोबाइल वापस मिलने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस का आभार जताया. कई लोगों ने कहा कि उन्हें लगा था कि अब उनका मोबाइल कभी नहीं मिलेगा, लेकिन पुलिस की मेहनत से उनका फोन वापस मिल गया. पुलिस का कहना है कि आगे भी गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
Also Read : पनास रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप के ठिकानों पर IT की ताबड़तोड़ रेड, रियल एस्टेट सेक्टर में खलबली


