Bokaro : डीसी अजय नाथ झा ने जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों, पंजियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन जांच की। डीसी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के क्रम में डीसी ने आगत एवं निर्गत पंजी, इंडेक्स पंजी, पर्यटन स्थलों से संबंधित अभिलेख, क्लोजर रिपोर्ट, वित्तीय वर्ष 2025-26 से जुड़े दस्तावेज तथा वेतन नियमावली समेत कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने यह भी देखा कि कार्यालय में अभिलेखों का संधारण किस तरह किया जा रहा है और रिकॉर्ड कितने व्यवस्थित तरीके से रखे गए हैं। डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्यालयीन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में रिकॉर्ड का सही तरीके से संधारण और साफ-सुथरा माहौल बेहद जरूरी है, ताकि कामकाज में किसी तरह की परेशानी न हो।
एक सप्ताह में अभिलेख अपडेट करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून को निर्देश दिया कि सभी पंजियों और अभिलेखों को अपडेट कर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थित रूप से सुरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय के सभी रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट होने चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
वित्तीय नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी ने वित्तीय मामलों के निष्पादन में झारखंड वित्तीय नियमावली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी धन के उपयोग और वित्तीय प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अरविंद, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Also Read : घर के पास हत्या कर श’व को जंगल में फेंका, एक्सीडेंट दिखाने की थी कोशिश, तीन गिरफ्तार

