Ramgarh : एसीबी की हजारीबाग इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ जिला प्रोबेशन कार्यालय में कार्यरत प्रोबेशन ऑफिसर और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों पर सरकारी अनुदान राशि से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित बड़की पोना गांव निवासी त्रिदेव कुमार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके परिवार को सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की अनुदान राशि मिलनी है। अनुदान राशि से संबंधित सत्यापन प्रतिवेदन भेजने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रोबेशन कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने अनुदान राशि बढ़ाने के संबंध में प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी से मुलाकात की, तो उन्हें कार्यालय में कार्यरत सुजीत नामक कर्मचारी से मिलने को कहा गया। इसके बाद सुजीत ने सत्यापन रिपोर्ट भेजने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की।
एसीबी जांच में आरोप सही पाए गए
शिकायत मिलने के बाद एसीबी हजारीबाग ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह आरोप सही पाया गया कि प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी ने रिश्वत की मांग की थी और उनके निर्देश पर कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी सुजीत रिश्वत राशि लेने वाला था। रिपोर्ट के आधार पर एसीबी थाना हजारीबाग में बीते 15 जून को मामला दर्ज किया गया।
ट्रैप टीम ने रंगे हाथों दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद एसीबी ने विशेष ट्रैप टीम का गठन किया। मंगलवार को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान सुजीत पासवान को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के अनुसार, सुजीत पासवान गढ़वा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में जिला प्रोबेशन कार्यालय रामगढ़ में कार्यरत था। सुजीत पासवान की गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने मामले की मुख्य आरोपी प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया। सिमरन कुमारी वर्तमान में रामगढ़ में प्रोबेशन ऑफिसर के पद पर पदस्थापित थीं। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
Also Read : सीएम हेमंत ने किया झारखंड कृषि व्यापार मेला का शुभारंभ, बोले- आधी जिम्मेदारी सरकार की, आधी किसानों की

