Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य के सबसे बड़े विधि पद महाधिवक्ता के पद पर नई नियुक्ति की है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार महाधिवक्ता राजीव रंजन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। विधि विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राजीव रंजन ने 14 जून को अपने पद से त्यागपत्र दिया था। राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए उनके इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से मंजूर कर लिया है। इसके साथ ही रोहितश्य रॉय को झारखंड का नया महाधिवक्ता नियुक्त कर दिया गया है। वे अपने पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इस पद पर कार्य करेंगे।
राज्य सरकार का पक्ष रखने में निभाएंगे अहम भूमिका
महाधिवक्ता राज्य सरकार के सबसे वरिष्ठ विधि अधिकारी होते हैं। उच्च न्यायालय और अन्य महत्वपूर्ण मामलों में वे सरकार की ओर से कानूनी राय देते हैं और अदालत में सरकार का पक्ष रखते हैं। ऐसे में रोहितश्य रॉय की नियुक्ति को विधि विभाग की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

अच्युत केशव को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
विधि विभाग ने इसी दिन एक और महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। झारखंड उच्च न्यायालय में अपर महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत अच्युत केशव को पदोन्नत करते हुए वरीय अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। विभागीय पत्र में कहा गया है कि झारखंड लॉ ऑफिसर (इंगेजमेंट) रूल्स, 2018 के प्रावधानों के तहत यह निर्णय लिया गया है। अच्युत केशव वर्ष 2022 से राज्य सरकार की ओर से गठित विधि पदाधिकारियों के पैनल में अपर महाधिवक्ता के रूप में कार्य कर रहे थे। उनके अनुभव और कार्यों को देखते हुए उन्हें अब वरीय अपर महाधिवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले से तय सुविधाएं मिलती रहेंगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अच्युत केशव को वरीय अपर महाधिवक्ता के रूप में वही शुल्क और सुविधाएं मिलेंगी, जो इस पद के लिए पहले से निर्धारित हैं। साथ ही उन्हें अपना प्रभार ग्रहण करने की सूचना विधि विभाग को भेजनी होगी।

Also Read : झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा

