Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना का काम कर रही सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गई है। बीती रात कंपनी के वाहनों पर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने ली है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक प्रेस बयान में गैंग की ओर से कंपनी प्रबंधन को खुली धमकी दी गई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के वाहनों पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक प्रेस बयान में राहुल दुबे गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह कार्रवाई केवल कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देने के लिए की गई है। जारी बयान में गैंग की ओर से कहा गया है कि कंपनी प्रबंधन के एक अधिकारी को संदेश देने के लिए यह फायरिंग की गई। बयान में लिखा गया है कि यह घटना सिर्फ उनके “कान के पर्दे खोलने” के लिए अंजाम दी गई है।
कर्मचारियों को बनाया निशाना बनाने की धमकी
गैंग ने अपने बयान में आगे और भी गंभीर धमकी दी है। कहा गया है कि यदि कंपनी प्रबंधन उनकी बात नहीं मानता है तो अगली बार निशाना कंपनी के वाहन नहीं बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारी होंगे। बयान में कहा गया है कि अगली कार्रवाई में हाईवा वाहनों के ड्राइवरों और साइट पर तैनात कर्मचारियों को निशाना बनाया जा सकता है। बयान में यह भी कहा गया है कि गैंग गरीब ड्राइवरों और कर्मचारियों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता, लेकिन यदि कंपनी प्रबंधन उनकी शर्तों के अनुसार “सिस्टम” में नहीं आता है तो जो भी व्यक्ति साइट पर दिखाई देगा, उसे निशाना बनाया जाएगा। हालांकि इस वायरल पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
Also Read : JET परीक्षा को लेकर रांची में अलर्ट, परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू


