Ranchi : राजधानी रांची में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में जिले के सभी पीसीआर और हाईवे पेट्रोल कर्मियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई और गश्ती व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक का आयोजन एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर किया गया। इसमें रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देशन में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी और सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन ने नगर नियंत्रण कक्ष ने भाग लिया। बैठक में पीसीआर और हाईवे पेट्रोल में तैनात पुलिस पदाधिकारी, हवलदार, आरक्षी और चालक मौजूद रहे।

अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पीसीआर और हाईवे पेट्रोल टीमों को लगातार सतर्क रहने और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। अवैध अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डायल-112 की सूचना पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
बैठक में डायल-112 से मिलने वाली सूचनाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी शिकायत या सूचना पर कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
एसपी राकेश सिंह ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकान और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया। साथ ही चौक-चौराहों और गलियों में लगातार भ्रमणशील रहने पर भी जोर दिया गया।
पीसीआर वाहनों के बीच बेहतर समन्वय का निर्देश
बैठक में कहा गया कि सभी पीसीआर वाहन आपस में बेहतर समन्वय बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में एक-दूसरे को तत्काल सहयोग प्रदान करें। इसके अलावा क्षेत्र में लगातार आसूचना संकलन कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया गया।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
स्पष्ट चेतावनी दी गई कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही कहा गया कि यदि कोई कर्मी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रामगढ़ में अपराध पर सख्ती, एसपी मुकेश लुनायत ने दिए कड़े निर्देश


