Ranchi : विदेश में बैठे गैंगस्टरों और अपराधी गिरोहों की धमकियां अब सोशल मीडिया के जरिए खुलेआम सामने आने लगी हैं। रविवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें खुद को राहुल आरके मीणा बताने वाले व्यक्ति ने पुर्तगाल में हुई दो फायरिंग की घटनाओं की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में न सिर्फ दोनों घटनाओं का जिक्र किया गया है, बल्कि भविष्य में और बड़े हमले की धमकी भी दी गई है। हालांकि वायरल पोस्ट में किए गए दावों की किसी आधिकारिक एजेंसी या पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
दो घटनाओं का जिक्र कर जिम्मेदारी लेने की बात
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि पुर्तगाल के विला नोवा डी मिलफोंटेस इलाके में गुरप्रीत सिंह गिल के घर पर हुई फायरिंग और 6 मई को सिंट्रा में गुरदीप सिंह पर हुई गोलीबारी की घटना के पीछे वही लोग हैं। पोस्ट में लिखा गया है कि यह हमला सिर्फ चेतावनी देने के लिए किया गया था। साथ ही यह भी कहा गया कि अगली बार हमला और ज्यादा घातक हो सकता है।

खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
वायरल पोस्ट में कहा गया है कि जो लोग पुर्तगाल छोड़कर कहीं और चले गए हैं, वे खुद को सुरक्षित न समझें। उन्हें जहां भी होंगे, वहां तक पहुंचने की बात कही गई है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उनका नेटवर्क दुनिया के कई देशों तक फैला हुआ है और वे अपने विरोधियों का पीछा नहीं छोड़ेंगे। इसी कारण सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है।
कई चर्चित गैंगों का भी लिया गया नाम
पोस्ट में सुनील मीणा गैंग, राहुल दुबे गैंग, अमन साहू गैंग समेत कई अन्य नामों का जिक्र किया गया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या इन गिरोहों के बीच किसी तरह का संपर्क या समर्थन मौजूद है।
हालांकि किसी भी गैंग की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियों की पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही पोस्ट
पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग इसे लगातार साझा कर रहे हैं। कुछ लोग इसे गैंगवार का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि यह केवल डर पैदा करने और प्रभाव दिखाने की कोशिश भी हो सकती है।
Also Read : केरल में बैठे लिव-इन पार्टनर ने रची मांडर में गैंगरे’प की साजिश, आठ आरोपियों को पुलिस ने दबोचा


