Ranchi : किसी भी राज्य की छवि शहर और जिला की ट्रैफिक व्यवस्था देखने के बाद झलकती है। इस दिशा में रांची पुलिस बेहतर कार्य भी कर रही है। एसएसपी राकेश रंजन की पहल से रांची के ट्रैफिक पोस्ट सुख-सुविधा से लैश हो रहे है। एसएसपी राजधानी की ट्रैफिक को लेकर गंभीर भी है। इसी क्रम में राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर 10 और नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनेंगे। इसको लेकर हर योजना तैयार हो चुकी है। स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनने से ट्रैफिक पदाधिकारी और जवानों को भी पहले से राहत मिलेगी। बारिश और धूप में स्थानीय दुकानों के भरोसे रहने वाले ट्रैफिक पदाधिकारी और जवानों का अब अपना एक छोटा पोस्ट रहेगा। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने जोहार लाइव से बातचीत में बताया कि राजधानी में ट्रैफिक की समस्या पहले से है, लेकिन अब जनता को जाम मुक्त शहर सौंपने की दिशा में काम हो रही है। अवैध पार्किंग और बस स्टैंड को हटाया जा रहा है। ट्रैफिक सुधारने को लेकर हर दिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, रांचीवासियों को भी ट्रैफिक को लेकर जागरूक किया जा रहा है। एसएसपी ने रांची की जनता से अपील की है कि आपका भी सहयोग ट्रैफिक को सुधार की दिशा में मिलेगा तो शहर को जल्द से जल्द जाम मुक्त बनाया जाएगा। सड़कों पर ट्रैफिक नियम का पालन जरूर करें।
इन-इन जगहों पर बनाया जा रहा है स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट
राजधानी में स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनाने के लिए जगहों का चयन कर लिया गया है। एसएसपी राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की संयुक्त बैठक में जगहों का चयन हुआ है। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र शामिल है। स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनने वाले जगहों में फिरायालाल चौक, हिनू चौक, एजी मोड़, न्यू मार्केट चौक, चांदनी चौक, नेवरी गोल चक्कर, बिरसा चौक, शालीमार बाजार, शहिद मैदान, कटहल मोड़ और नामकुम में दुर्गा सोरेन चौक शामिल है।
हर स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट पर पुलिस की होगी स्थायी तैनाती
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि राजधानी में बन रहे स्मार्ट ट्रैफिक पोस्टों में ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी सुबह से लेकर देर शाम तक ड्यूटी पर रहेंगे और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे। इससे बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी समस्याओं पर भी लगाम लगाई जा सकेगी।
Also Read : रांची से रहस्यमय ढंग से गायब हुए जुड़वां भाई, 4 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

