Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से कई लोग मौके से भागते नजर आए, जबकि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नामकुम क्षेत्र के कुछ सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे और सुनसान इलाकों में युवकों की भीड़ जुट रही है। यहां देर शाम तक अड्डेबाजी, नशाखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई स्थानों पर अचानक पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस वाहनों को देखते ही कुछ लोग वहां से भाग निकले, जबकि कई लोगों को रोककर उनकी पहचान और गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने, नशा करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
संदिग्ध लोगों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और उनके दस्तावेजों की भी जांच की। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। अड्डेबाजी, नशाखोरी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : हजारीबाग में मासूम से दरिंदगी का खुलासा, दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर आरोपी ने की ह’त्या


