Ranchi : राजधानी रांची में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। पूरे दिन चले अभियान में कुल 3335 चालान काटे गए। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा रहा।
सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वालों पर
अभियान के दौरान सबसे अधिक 1804 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे गए। इसके अलावा सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वाले 1200 लोगों पर भी कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाना और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना शहर में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है। इसलिए इन मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।
गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा
जांच के दौरान 47 लोगों को गलत दिशा में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। वहीं 38 वाहन नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करते मिले। 49 वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के मामले भी सामने आए। इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 36, ओवरस्पीड के 30, पिलियन राइड नियम उल्लंघन के 21, फैंसी नंबर प्लेट के 48 और फिक्सर लाइट लगाने वाले 16 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
सीट बेल्ट, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र की भी हुई जांच
अभियान के दौरान सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 6 वाहन चालक, इंश्योरेंस नहीं रखने वाले 3, प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं रखने वाले 4 और ब्लैक फिल्म लगे 5 वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया। साथ ही 7 वाहनों को टो कर हटाया गया।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मिले 100 स्लाइडिंग बैरियर
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस को एक और बड़ी मदद मिली। आदित्य विजन लिमिटेड की ओर से रांची यातायात पुलिस को 100 स्लाइडिंग बैरियर उपलब्ध कराए गए। इन बैरियरों का उपयोग शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए किया जाएगा। ट्रैफिक एसपी का कहना है कि इन बैरियरों की मदद से ट्रैफिक नियंत्रण और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा तथा जाम की समस्या कम होगी।
नियमों का पालन करने की अपील
रांची यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे मोटरयान अधिनियम के सभी नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन करके ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
Also Read : 24 घंटे में लापता मासूम को ढूंढ लाई नगड़ी पुलिस, मां की आंखों से छलके खुशी के आंसू


