Ranchi : नगड़ी थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई। 7 वर्षीय बच्चे प्रणय सौरभ विलुंग के लापता होने के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, सिमडेगा निवासी मारियाना विलुंग, जो वर्तमान में नगड़ी थाना क्षेत्र के बांध टोली में रहती हैं, ने मंगलवार को नगड़ी थाना में आवेदन देकर बताया कि उनका 7 वर्षीय पुत्र प्रणय सौरभ विलुंग 1 जून से लापता है। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार काफी परेशान था और उसकी तलाश में लगातार प्रयास कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगड़ी थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने नारो बाजार क्षेत्र में बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता रंग लाई और लापता बालक को नारो बाजार से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित थाना लाया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसकी मां को सौंप दिया गया।
परिवार में लौटी खुशियां
बच्चे की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। पिछले एक दिन से चिंतित परिवार में खुशी का माहौल लौट आया। बच्चे की मां ने नगड़ी थाना पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
Also Read : जाम मुक्त रांची के लिए ट्रैफिक एसपी की पहल, 250 से अधिक दुकानदारों के साथ की अहम बैठक


