Ranchi : राजधानी रांची को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। इसी क्रम में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने डेली मार्केट और मेन रोड क्षेत्र के 250 से अधिक दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों पर लगने वाले जाम को कम करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि राजधानी की बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ व्यापारियों और आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं रखें। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि सभी व्यापारी नियमों का पालन करें तो यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा जा सकता है।
बैठक में ट्रैफिक पुलिस की ओर से दुकानदारों को कई सुझाव भी दिए गए। दुकानदारों से कहा गया कि वे ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग न हो। साथ ही माल लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य भी निर्धारित समय पर करने की सलाह दी गई।
ट्रैफिक एसपी ने कहा कि रांची को व्यवस्थित और जाम मुक्त शहर बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए विभिन्न बाजार क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से यातायात नियमों के पालन और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की।
बैठक में मौजूद दुकानदारों ने भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। कई व्यापारियों ने पार्किंग, अतिक्रमण और सड़क किनारे अवैध ठेला-खोमचा संचालन जैसी समस्याओं को उठाया। ट्रैफिक एसपी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक के अंत में सभी दुकानदारों ने राजधानी को जाम मुक्त बनाने के अभियान में प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि व्यापारियों और आम लोगों के सहयोग से ही रांची की यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार लाया जा सकता है।
Also Read : हजारीबाग झील के चारों ओर अब नहीं दौड़ेंगे वाहन, पूरा इलाका बनेगा नो व्हीकल जोन


