Jamtara (Rajiv Jha) : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जामताड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। डीसी आलोक कुमार और एसपी शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले के सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। प्रशासन को आशंका है कि पर्व के दौरान कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए संवेदनशील और पहले से विवादित रहे इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
ईदगाह और मस्जिदों के आसपास रहेगी कड़ी सुरक्षा
प्रशासन के मुताबिक 28 मई को ईद-उल-जोहा यानी बकरीद मनाई जाएगी। नमाज के दौरान जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। कई जगह भीड़ अधिक होने पर सड़कों पर भी नमाज अदा की जाती है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने ईदगाहों और मस्जिदों तक जाने वाले रास्तों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट करने का निर्देश दिया है।
पुलिस अधिकारियों को साफ कहा गया है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार गश्ती भी चलती रहेगी।
सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
बकरीद के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और लिंक्डइन समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी धर्म, जाति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले पोस्ट, फोटो, वीडियो या मैसेज साझा करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की साइबर टीम भी लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी ताकि किसी भी अफवाह या तनाव की स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
विवादित इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता
जिन इलाकों में पहले सांप्रदायिक तनाव या विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, वहां प्रशासन ने विशेष चौकसी बरतने का फैसला लिया है। पुलिस अधिकारियों को ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है जो पहले भी किसी तरह की सांप्रदायिक गतिविधियों या विवादों में शामिल रहे हों। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी और जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि बकरीद के दौरान पशु तस्करी, अवैध बूचड़खानों और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए।
खुले में कुर्बानी नहीं देने की अपील
प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों के माध्यम से लोगों से अपील की है कि खुले स्थानों पर कुर्बानी न दें। साथ ही कुर्बानी के बाद बची अनुपयोगी चीजों का निपटारा साफ-सफाई और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए करें। डीजे और लाउडस्पीकर को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। किसी भी तरह के भड़काऊ गाने या आपत्तिजनक सामग्री बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही ध्वनि की तीव्रता तय मानकों के भीतर रखने का आदेश दिया गया है।
बुधवार से ही तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल
जिला प्रशासन ने बुधवार दोपहर से ही दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों को अपने-अपने तैनाती स्थलों पर मौजूद रहने का निर्देश दिया है। हालात सामान्य रहने तक सभी अधिकारी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष और सभी प्रखंड मुख्यालयों में एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैयार रखने को कहा गया है। वहीं नारायणपुर थाना और जिला मुख्यालय जामताड़ा में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
Also Read : कोल ब्लॉक आवंटन मामले में सुभोधकांत सहाय के भाई सुधीर सहाय बरी, कोर्ट ने कहा- सबूत नहीं मिले

