Hazaribagh : हजारीबाग की राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहा सांसद मनीष जायसवाल और विधायक प्रदीप प्रसाद के बीच का विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। दोनों नेताओं ने साथ आकर साफ कर दिया कि अब उनके बीच कोई मतभेद नहीं है। भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इसकी पुष्टि की। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच किसी “शकुनि मामा” ने खेल खेला था, जिसकी वजह से विवाद बढ़ा। उन्होंने कहा कि अब उस व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और आगे ऐसे लोगों से दूरी बनाकर रखी जाएगी। बताया जा रहा है कि हजारीबाग क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया था। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों में भी इसकी चर्चा हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों को साथ बैठाकर बातचीत कराई और विवाद खत्म करने की सलाह दी।


