Khunti : भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर खूंटी पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में राहगीरों, यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। खूंटी पुलिस की इस पहल को लोगों ने काफी सराहा है। पुलिस का कहना है कि “सेवा ही लक्ष्य” के उद्देश्य के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।

जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों और थाना परिसरों के बाहर पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। पुलिसकर्मी खुद लोगों को पानी पिलाते नजर आ रहे हैं। खासकर दोपहर के समय जब तेज धूप और लू से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है, तब यह व्यवस्था काफी मददगार साबित हो रही है।
खूंटी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में राहगीरों के साथ-साथ रिक्शा चालक, ऑटो चालक, मजदूर और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भी ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। कई जगहों पर मिट्टी के घड़े और पानी के कैंपर लगाए गए हैं, ताकि लगातार लोगों को पानी मिलता रहे।

एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना प्रभारियों को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके तहत हर थाना क्षेत्र में नियमित रूप से लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने खूंटी पुलिस की इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के कामों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। गर्मी में इस तरह की व्यवस्था से राहगीरों को काफी राहत मिल रही है।
Also Read : चतरा में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का वार, 7 किलो अफीम और 78 किलो डोडा जब्त


