Giridih : गिरिडीह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुराने सिहोडीह पुल के नीचे एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी के मुताबिक लड़की की उम्र करीब 14 से 15 साल बताई जा रही है। शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह जब कुछ लोग पुराने सिहोडीह पुल के पास पहुंचे, तब उनकी नजर नीचे पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहचान करने में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल लड़की की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है कि कहीं किसी नाबालिग लड़की के लापता होने की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं है। शव मिलने के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। यह हत्या का मामला है या फिर किसी हादसे की वजह से मौत हुई, इसे लेकर अभी कुछ साफ नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने में लगी है। घटना के बाद सिहोडीह और आसपास के इलाके में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह पुल के नीचे नाबालिग लड़की का शव मिलना काफी गंभीर मामला है। स्थानीय लोग जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
Also Read : 2 महीने बाद गाजियाबाद में मिला रांची का लापता नाबालिग, परिवार ने ली राहत की सांस


