Ranchi : झारखंड कैडर के 2010 बैच के IPS अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें BSF में DIG पद पर नियुक्त किया है। इसको लेकर सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने सुरेंद्र कुमार झा की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उन्हें BSF में खाली पड़े DIG पद पर तैनात किया गया है। केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार से आग्रह किया है कि सुरेंद्र कुमार झा को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए जल्द योगदान दे सकें।
कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं
सुरेंद्र कुमार झा झारखंड पुलिस के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में माने जाते हैं। वे राज्य में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पहचान एक सख्त और प्रभावी अधिकारी के रूप में रही है। BSF देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों में शामिल है, जो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा का जिम्मा संभालती है। ऐसे में DIG के तौर पर सुरेंद्र कुमार झा की नई भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


