Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री परिसर के बाहर खड़े कंटेनर से सोमवार सुबह चालक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को शीतगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।
मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। उसकी पहचान मौके से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए की गई। बताया गया कि हवा सिंह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 लेकर जमशेदपुर आया था और फैक्ट्री परिसर के बाहर वाहन खड़ा कर वहीं रुका हुआ था। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि रविवार देर रात उसने कंटेनर के भीतर ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर आत्महत्या की। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू की।
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि घटना से पहले वह किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि कहीं वह मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य निजी परेशानी से जूझ तो नहीं रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। एमजीएम थाना पुलिस के मुताबिक मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही फैक्ट्री कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद अन्य वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Also Read : तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर हालत में धनबाद रेफर


