Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा शहर में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में स्थापित मां पार्वती की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह मंदिर के पास रहने वाली डेजी देवी रोज की तरह पूजा करने मंदिर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर में स्थापित मां पार्वती की प्रतिमा टूटी हुई है और उसे बाहर फेंक दिया गया है। यह देखकर वह दंग रह गईं। उन्होंने तुरंत मंदिर कमेटी और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हरकत बताया।

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश गुप्ता समेत कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग भी पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पहले बिरसा मुंडा की प्रतिमा भी हुई थी क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही दिन पहले कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को भी असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त किया था। उस मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि अगर पहली घटना में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की होती, तो दोबारा ऐसी घटना नहीं होती। घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि लगातार प्रतिमाओं को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन प्रशासन अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़क जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।


