Garhwa : गढ़वा जिले में फोरलेन सड़क पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे इतने भयावह थे कि एक बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पहला हादसा बभनी गांव स्थित मिट्ठू जायसवाल के धर्मकांटा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर पांच युवक सवार थे। सभी अपने दोस्त किशुन उरांव को उड़ीसा जाने के लिए ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी मिट्ठू जायसवाल ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी चंदन उरांव (16), मंतोष उरांव (17) और सोनू उरांव (22) की मौत हो गई। वहीं अखलेश उरांव की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दूसरी दुर्घटना में युवक की मौके पर मौत
दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि ठरकीया गांव निवासी राजू विश्वकर्मा गढ़वा से काम कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक चलाते समय उसे नींद आ गई और बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि राजू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
एक और युवक गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में सोनबरसा गांव निवासी अतेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों हादसों के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बाद पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी। वहीं स्थानीय लोगों ने फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Also Read : रांची डीसी के औचक निरीक्षण से सदर अस्पताल में मचा हड़कंप, दवा नहीं मिलने पर प्रभारी को शोकॉज


