Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित लोआडीह इलाके में मंगलवार को बहते नाले में संदिग्ध शव अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अवशेष मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह अवशेष कोकर इलाके से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति का तो नहीं है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना जांच रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। प्रारंभिक तौर पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अवशेष किसी इंसान का है या किसी जानवर का। इसके लिए वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। घटना के बाद मौके पर अफवाहों का दौर भी तेज रहा। कोई इसे लापता बच्ची के मामले से जोड़ रहा है तो कोई दूसरी आशंकाएं जता रहा है। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।
Also Read : धनबाद में ह’त्या से सनसनी, पत्थर से सिर कुचलकर युवक को उतारा मौ’त के घाट


