Hazaribagh : हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र में सोमवार को यात्रियों से भरी एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बरवां नदी में जा गिरी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सभी आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर की है। ई-रिक्शा अलौंजा गांव से ईचाक बाजार की ओर जा रहा था। बरवां नदी पुल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो से टक्कर की आशंका बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो को बचाने की कोशिश में ई-रिक्शा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुल पर सुरक्षा रेलिंग या गाइड वॉल नहीं होने की वजह से ई-रिक्शा सीधे नदी में गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने नदी में गिरे ई-रिक्शा से सभी यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद ईचाक थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को ग्रामीणों की मदद से शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, दो घायलों के सिर और सीने में गंभीर चोट लगी है, जिससे उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
Also Read : शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी, रांची में 114 चालकों पर कार्रवाई


