Jamshedpur : जमशेदपुर शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर एल-13 में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि परिवार के मुखिया और टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने ही इस वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद फरार हो गए।
घर के अंदर मिले तीन शव, इलाके में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही एग्रिको इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एग्रिको स्थित क्वार्टर में टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी सरिता सिंह, बेटी सुप्रिया सिंह और बेटा रविशेक कुमार थे।
पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविंद्र प्रसाद सिंह पर अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) की हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद करने की बात कही है। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
गर्भवती थी बेटी, परिवार में चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, मृतक सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और गर्भवती भी थीं। बताया जा रहा है कि रविंद्र प्रसाद सिंह इसी साल फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद परिवार में विवाद होने की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
Also Read : कोडरमा : ढाबे के पीछे खेत में मिली 55 साल के व्यक्ति की लाश, पुलिस जुटी जांच में


