Guwahati : असम की राजनीति में एक बार फिर हिमंत बिस्व सरमा का दबदबा कायम रहा। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें लगातार दूसरी बार राज्य की कमान सौंपने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को घोषणा की कि हिमंत बिस्व सरमा को असम में एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनके दोबारा मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। वह 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
विधायक दल की बैठक में बनी सहमति
रविवार सुबह असम भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए नेता के चयन पर चर्चा हुई। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और सह-पर्यवेक्षक के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। बैठक के दौरान भाजपा के आठ विधायकों ने हिमंत बिस्व सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
सहयोगी दलों ने भी दिया समर्थन
एनडीए के सहयोगी दलों ने भी हिमंत के नेतृत्व पर भरोसा जताया। असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी उनके नाम का समर्थन किया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया। भाजपा नेतृत्व इसे राज्य में स्थिर सरकार और मजबूत नेतृत्व के संकेत के तौर पर देख रहा है।
राज्यपाल से मिलकर पेश करेंगे सरकार गठन का दावा
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमंत बिस्व सरमा और एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता रविवार को लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे। इस दौरान नई सरकार गठन का दावा पेश किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को आयोजित होगा, जिसमें भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
Also Read : तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने विजय, 200 यूनिट फ्री बिजली का किया ऐलान

