Giridih : गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने भारी तबाही मचा दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बाजार में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने सबसे पहले एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध शुरू हो गया। इसी दौरान चालक ट्रक लेकर भागने लगा। भागने के क्रम में ट्रक ने सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को रौंद दिया। इस दौरान कई बाइक, कार और अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद सड़क किनारे मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। देखते ही देखते बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मामले को लेकर SDPO सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक ने पहले एक कार में टक्कर मारी थी। इसके बाद लोगों ने विरोध किया तो चालक ट्रक लेकर भागने लगा, इसी दौरान यह बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोग हादसे को लेकर आक्रोशित नजर आए और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
Also Read : ड्रोन सर्वे से लेकर थाना निरीक्षण तक, खूंटी एसपी ने मुरहू में कसा शिकंजा


