Chatra : चतरा के सदर प्रखंड के कमात गांव में शुक्रवार को सात दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। आयोजन के पहले दिन निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और ग्रामीण शामिल हुए। पूरे गांव में हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। महायज्ञ की शुरुआत शिव मंदिर प्रांगण से निकली विशाल कलश यात्रा के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए मरमदीरी स्कूल मैदान पहुंची और वहां से चुआड़ी नदी तक गई। नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद सभी श्रद्धालु यज्ञशाला पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापना की गई।
अयोध्या से पहुंचे आचार्य, विधि-विधान से हुई पूजा
आयोजन में अयोध्या के प्रमोद वन मारुति सदन से पहुंचे आचार्य पंडित शिव कुमार शास्त्री और उनकी विद्वान टीम ने वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना और कलश स्थापना कराई। मंत्रोच्चार के बीच पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। महायज्ञ को लेकर गांव के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं और बच्चों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि सात दिनों तक रुद्र महायज्ञ के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेले का भी आयोजन किया गया है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया सामाजिक एकता का प्रतीक
महायज्ञ के शुभारंभ मौके पर पहुंचे सांसद काली चरण सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट करने का काम करते हैं। विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी सूर्यकांत कमल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बुद्धिजीवियों ने मिलकर तैयारी की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा दांगी, पंचायत समिति सदस्य प्रमोद दांगी, यज्ञ समिति अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, सचिव पारसनाथ सिंह, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Also Read : लातेहार एसपी ने की हाई लेवल समीक्षा, थानेदारों को क्राइम कंट्रोल का दिया सख्त आदेश


