Saraikela : झारखंड के सरायकेला जिले के कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह और सपारूम गांव के जंगल में एक जंगली हाथी का शव बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत हाई वोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आने से हुई है। जैसे ही ग्रामीणों को जंगल में हाथी का शव दिखाई दिया, उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
बिजली के लटकते तार बने खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में हाथियों का एक झुंड घूम रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से गुजरने वाले लटकते और खुले बिजली के तार वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। आशंका है कि इन्हीं तारों के संपर्क में आने से हाथी की जान गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो पाएगी। विभाग ने यह भी कहा है कि अगर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने कहा कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
Also Read : टेंडर कमीशन घोटाला मामला: नीरज मित्तल की याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित


