Hazaribagh : झारखंड के चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा पिकेट के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में ट्रक आग की लपटों में घिर गया और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक (नंबर UP 58AT 2731) झारखंड के रामगढ़ से सरिया लोड कर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहा था। चोरदाहा चेक पोस्ट के पास पहुंचते ही अचानक उसमें आग लग गई। आग लगते ही चालक और उपचालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
केबिन पूरी तरह जला, सरिया सुरक्षित
आग इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि ट्रक में लदा सरिया सुरक्षित बच गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया, लेकिन चौपारण और बरही के बीच सड़क की खराब स्थिति के कारण दमकल वाहन को पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हो गई। तब तक ट्रक काफी हद तक जल चुका था।
हाईवे पर यातायात भी हुआ प्रभावित
आग की वजह से नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित होने लगा था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए वाहनों को कुछ समय के लिए सर्विस रोड से डायवर्ट किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि चलती ट्रक में आग कैसे लगी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
Also Read : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के 114 शिक्षकों को मिला प्रमोशन


