Garhwa : गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत अकलवानी गांव में एनएच-39 निर्माण कार्य में लगी एमजीसीपीएल कंपनी के कैंप में शनिवार रात भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। आग लगने से कैंप में रह रहे मजदूरों और स्टाफ का सारा सामान जलकर राख हो गया।
रात 9 बजे लगी आग, खाना बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 9 बजे कैंप में मजदूर और स्टाफ के लिए खाना बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सीट से बने कैंप में आग लग गई। कर्मचारियों ने आशंका जताई है कि बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी होगी।
तीन से चार ब्लॉक आग की चपेट में आए
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कैंप के तीन ब्लॉक इसकी चपेट में आ गए। कैंप में रह रहे मजदूर और स्टाफ जान बचाने के लिए अपना सामान छोड़कर बाहर निकल गए। मजदूरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत भीषण होने के कारण वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन तब तक सब जल चुका था
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक तीन से चार ब्लॉक पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
मजदूरों का सामान जलकर राख, दस्तावेज भी नष्ट
कैंप में रहने वाले मजदूरों ने बताया कि शरीर पर जो कपड़ा था, उसी में उन्हें बाहर निकलना पड़ा। उनका सारा सामान, कपड़े, नगद पैसे, मोबाइल, आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए।
आग बुझाने के दौरान कुछ लोग झुलसे
आग बुझाने के दौरान नेपाल साहु, महादेव शाह सहित कुछ लोग झुलस गए। सभी घायलों को मेराल सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने के बाद मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी देर तक कैंप में मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कंपनी ने बताया शॉर्ट सर्किट को कारण
एनएच-39 निर्माण कार्य कर रही एमजीसीपीएल कंपनी के सीनियर सेफ्टी ऑफिसर राजेश पचौरी ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बड़ा नुकसान हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Also Read : हजारीबाग बैंक लूटकांड : तीन आरोपी वाराणसी से गिरफ्तार, एक किलो सोना व 20 लाख कैश जब्त


