Ranchi : झारखंड की ग्रामीण महिलाओं को व्यापार और उद्यमिता के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की सफलता दिलाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के समक्ष आईआईएम (IIM) कोलकाता की टीम ने एक विशेष प्रेजेंटेशन दिया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को व्यापार, बाजार की समझ और आय में वृद्धि के गुर सिखाकर उन्हें सफल उद्यमी बनाना है।
जेएसएलपीएस और आईआईएम कोलकाता के बीच हुआ समझौता
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएम कोलकाता के बीच पिछले दिनों एक एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसी समझौते के तहत अब राज्य की महिलाओं को उद्यमिता की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि विभाग का लक्ष्य अब महिलाओं को लखपति दीदी से करोड़पति दीदी की श्रेणी में खड़ा करना है।
264 प्रखंडों की 50 हजार महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
इस त्रिवर्षीय योजना के तहत झारखंड के सभी 24 जिलों के 264 प्रखंडों को कवर किया जाएगा। योजना के प्रारंभिक चरण में करीब 50 हजार महिलाओं का डेटा तैयार कर उन्हें इनक्यूबेशन तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षित करने की तैयारी है। वर्तमान में जेएसएलपीएस से जुड़ी 1 लाख 24 हजार महिला उद्यमियों को इस योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
आसान और आधुनिक होगा प्रशिक्षण का तरीका
प्रशिक्षण को महिलाओं के लिए सुलभ बनाने के लिए इसे हिंदी, अंग्रेजी और वीडियो फॉर्मेट में तैयार किया गया है। खास बात यह है कि ग्रामीण महिलाएं अपने सवालों के जवाब ऑडियो मैसेज के जरिए भी आसानी से दे सकेंगी। इस तकनीक का सफल प्रयोग बिहार, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में पहले ही किया जा चुका है, जहां महिला उद्यमियों ने बड़ी सफलता हासिल की है।
तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव
प्रेजेंटेशन के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य की महिलाएं पहले से ही उद्यमिता में सराहनीय कार्य कर रही हैं, लेकिन बदलते दौर में उन्हें नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुसार खुद को अपडेट करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आईआईएम कोलकाता से जुड़कर राज्य की महिलाओं के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा और वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त होंगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सचिव मनोज कुमार, आईआईएम कोलकाता के सीईओ डॉ विवेक कुमार राय, गौरव कपूर, जेएसएलपीएस के सीओओ विष्णु परिदा और नीतीश सिन्हा समेत कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Also read : जमशेदपुर की शांभवी ने रचा इतिहास, CISCE 12वीं में 100% अंक के साथ बनी नेशनल टॉपर


