Jamtara: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत पेटारी गांव में खसरा ने दस्तक दी है। यहाँ दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों मरीजों के ब्लड और थ्रोट सैंपल 22 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
गांव में मेडिकल टीम का सर्वे
खसरा के मरीज मिलने की सूचना मिलते ही जिला निगरानी पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मेडिकल टीम द्वारा गांव में व्यापक सर्वे अभियान चलाया गया, जिसमें दो पॉजिटिव मरीजों के अलावा तीन और संभावित मरीजों की पहचान की गई है। इनमें से एक संदिग्ध मरीज का ब्लड सैंपल बुधवार को जांच के लिए रांची भेजा गया है।
संक्रमण रोकने के लिए उठाए जा रहे कदम स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी रख रही है और प्रभावित लोगों की सूची तैयार की जा रही है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभाग की ओर से गांव में सघन अभियान चलाकर बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जा रही है। साथ ही, टीकाकरण से वंचित बच्चों को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीणों से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी भी बच्चे में बुखार, शरीर पर दाने या खांसी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय रहते जांच और इलाज से इस संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है।
इस निरीक्षण के दौरान आईडीएसपी अजीत दुबे, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर शशिभूषण, सीएचसी नारायणपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ए के सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Also Read : रिम्स की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म साजिश की आरोपी छात्रा ओली विश्वकर्मा का नामांकन रद्द


