Ranchi : झारखंड में ट्रेजरी से अवैध राशि निकासी मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो एसपी कार्यालय में प्रतिनियुक्त एक कर्मी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार भंडारी के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले में एएसआई के पद पर कार्यरत है और एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त था। सीआईडी की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लेखापाल कौशल कुमार पांडेय के साथ मिलकर वर्षों तक फर्जी तरीके से ट्रेजरी से रकम निकाली। इस पूरे मामले में अब तक 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी का खुलासा हुआ है।
झारखंड सरकार के आदेश पर सीआईडी ने संभाली जांच
मालूं हो कि झारखंड सरकार के आदेश के बाद बोकारो में दर्ज ट्रेजरी से अवैध राशि निकासी से जुड़े मामलों की जांच सीआईडी रांची ने अपने हाथ में ले ली है। इस संबंध में सीआईडी थाना कांड संख्या 06/26, 24 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रभावी जांच के लिए एसआईटी का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। यह टीम पूरे घोटाले की गहराई से जांच कर रही है। जांच के दौरान पता चला कि अशोक कुमार भंडारी, पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था। कौशल कुमार पांडेय के खाते से अशोक कुमार भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
फर्जी कमान बनाकर निकाले जाते थे टीए बिल
सीआईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी मिलकर गलत तरीके से कमान (प्राधिकृत दस्तावेज) जारी करते थे। इन्हीं फर्जी कमानों के आधार पर टीए बिल (यात्रा भत्ता बिल) की निकासी की जाती थी। बताया गया है कि वर्ष 2020 से लेकर अब तक इस तरीके से लगातार रकम निकाली जाती रही। जांच एजेंसी के अनुसार, अशोक कुमार भंडारी के बैंक खाते के माध्यम से ही 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की निकासी की गई।
और भी लोगों पर गिर सकती है गाज
सीआईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। एसआईटी बैंक खातों, दस्तावेजों और विभागीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग और ट्रेजरी व्यवस्था में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर इस घोटाले में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
Also Read : रांची के विकास कार्यों में पर्यावरण से नहीं होगा समझौता, सीएम ने दिए सख्त निर्देश


